कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। शहर में अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को लगातार पांचवे दिन भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। शहर में कई स्थानों पर ठेले रास्तों पर खड़े रहते हैं, जिससे आमजन को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर बड़े वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती है। इसी समस्या को देखते हुए आज नगर परिषद आयुक्त देवीलाल चौधरी के निर्देश पर नगर परिषद एएसआई राजेंद्र गोयर के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगर परिषद एएसआई राजेन्द्र प्रसाद
के नेतृत्व में जमादार रमेश, जमादार गोविंद, अनिल, विकास, विक्रम, अजय, मुंशी राम, बंटी, रविंद्र, रवि आदि कर्मचारियों ने भाग लिया।
टीम ने शहर के मुख्य रोड, पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार, गोल प्याऊ ,पार्क के पीछे ,आथुरणा दरवाजा और बालाजी बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया। सब्जी मण्डी में फल-सब्जी विक्रेताओं और अन्य अस्थायी दुकानदारों को समझाइश दी गई। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण रहा तो सामान जब्त कर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान नगर परिषद की टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे, ताकि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था या हिंसा की आशंका को रोका जा सके। नगर परिषद आयुक्त देवीलाल चौधरी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान स्वयं हटा लें और शहर में अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।