एसडीएम ने किया पीएचसी जसवंतगढ़ का निरीक्षण
![]() |
अबू बकर बल्खी | Tue, 04-Aug-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) जसवंतगढ़ का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने हाल ही में पीएचसी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में क्रमोन्नत होने के उपरांत प्रस्तावित भवन निर्माण के लिए चिन्हित भूमि एवं निर्माण संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान उपस्थित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ शक्ति सिंह शेखावत से प्रस्तावित सीएचसी भवन के लिए चिन्हित स्थल, आवश्यक स्वीकृतियों, निर्माण प्रक्रिया तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने चिकित्सा संस्थान में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, औषधियों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया तथा
चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। तहसील परिसर, लाडनूं में "हरियालो राजस्थान" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर तहसीलदार कुटेन्द्र कँवर तहसील कार्यालय के अधिकारी एंव कर्मचारी उपस्थित रहे।