अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर उप जिला अस्पताल में हुआ भव्य समारोह, नर्सिंगकर्मियों का सम्मान
![]() |
शौकत खान | Tue, 12-May-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। उप जिला अस्पताल डेगाना में मंगलवार 12 मई को आधुनिक नर्सिंग सेवा की प्रेरणास्रोत फ्लोरेन्स नाइटिंगेल की जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। अस्पताल के खचाखच भरे जानकी वार्ड में आयोजित समारोह में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में पीएमओ डॉ. संजय केडिया, बीसीएमओ डॉ. मेहराम महिया, डॉ. उषा केडिया, डॉ. प्रहलाद राम, डॉ. गुलाब सहित अस्पताल के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ स्टाफ की मौजूदगी रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजय केडिया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस केवल एक औपचारिक दिवस नहीं, बल्कि मरीजों की सेवा के प्रति समर्पण, करुणा और मानवता का संदेश देने वाला प्रेरणादायक अवसर है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ चिकित्सा सेवा की रीढ़ है, जो दिन-रात मरीजों की सेवा कर उन्हें नया जीवन देने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने वाले नर्सिंगकर्मी मरीजों की देखभाल, उपचार और मानसिक संबल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के लिए नर्सिंग स्टाफ सेवा, संवेदना और भरोसे का प्रतीक होता है। इस अवसर पर अस्पताल में लंबे समय से समर्पण भाव से उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले नर्सिंग एवं चिकित्सा कर्मियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
सम्मानित होने वालों में सीनियर मेल नर्स हरिराम चौधरी, महेंद्र पाल सिंह, नरेश पारीक, दामोदरलाल, नर्स इबसन, मंजू लखारा, सुनीता रावत, सुगना चौधरी, हुक्माराम, सुनीता गोदारा, सीमा डारा, जानकी देवी, शाहीन अंजुम, महावीर, राइका, जीतेन्द्र खटकड़, गौपाल गुर्जर, पुखराज एवं दिलीप शर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए सदैव समर्पण भावना से कार्य करने का संकल्प लिया।