डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। भेरूंदा पंचायत समिति चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। गुरुवार को पंचायत समिति मुख्यालय पर बड़ी संख्या में प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। पहले चरण के तहत नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक है।नामांकन प्रक्रिया के दौरान मैदान में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के प्रत्याशी मुख्य रूप से नजर आए। राजनीतिक दलों में टिकट वितरण और चुनावी रणनीतियों को लेकर सुगबुगाहट तेज है।
भाजपा-कांग्रेस ने गुटबाजी की आशंका के चलते शुरुआती दौर में सार्वजनिक सूची जारी नहीं की, लेकिन संभावित उम्मीदवारों को फोन के जरिए व्यक्तिगत रूप से नामांकन दाखिल करने के निर्देश दिए गए। रिटर्निंग अधिकारी सतीश राव के अनुसार, भेरूंदा पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 1,13,878 मतदाता पंजीकृत हैं। 19 वार्डों के लिए कुल 119 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यालय में नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।
जेएनयू की छात्रा प्रीति बनी चर्चा का केंद्र
इस चुनाव में सबसे बड़ा आकर्षण जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की पूर्व छात्रा प्रीति हुक्माराम सांई का नामांकन रहा। प्रीति मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं और वर्ष 2022 में शादी के बाद भेरूंदा आई हैं। वह जेएनयू से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से कौंसलर का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमफिल करने वाली प्रीति ने अब ग्रामीण राजनीति में कदम रखा है।