डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। शनिवार को डेगाना विधानसभा क्षेत्र के भेरूंदा के एकदिवसीय दौरे पर आई प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी ने दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री प्रीति हुक्माराम सांई की अगुवाई में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री का 21 किलो की माला पहनाकर अभिनंदन किया तथा खेती किसानी का प्रतीक चिन्ह हल भेंट किया।
उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और विपक्षी प्रत्याशियों पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि पंचायतराज विकास का 'ट्रिपल इंजन' है और देश-प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण जनता के विकास कार्यों की पूरी गारंटी हमारे पास है।
विज्ञापन
विकास कार्यों और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों गिनाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने जनता के हित में बड़े कदम उठाए हैं डेगाना में आरओबी का निर्माण, अमृत भारत योजना के तहत डेगाना, मेड़ता रोड, गोटन और रेण रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण एवं कायाकल्प, ईड़वा में 60 करोड़ की लागत से जीएसएस निर्माण जैसे बड़े विकास कार्य सरकार ने किए हैं।
कांग्रेस पर तीखा हमला-जनता के संकट में गायब रहे नेता-
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास जनता को दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है, वे पूरी तरह खाली हाथ हैं। "कांग्रेस प्रत्याशी यदि जीत भी गए, तो जनता उन्हें ढूंढ नहीं पाएगी।"
कोरोना संकट काल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब जनता परेशानियों से जूझ रही थी, तब कांग्रेस के नेता होटलों में बंद थे, जबकि भाजपा के कार्यकर्ता दिन-रात जनता के बीच सेवा कर रहे थे। जनता को ऐसे लोगों को भूलना नहीं चाहिए। कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी किसी के सगे नहीं होते।
विज्ञापन
छुट्टियों को लेकर तंज-कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस के नेता थोड़ा सा भी काम कर लेते हैं, तो उन्हें 10 दिन की छुट्टी पर जाना पड़ता है। इसके विपरीत, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी छुट्टी नहीं लेते, जबकि राहुल गांधी छुट्टी लेकर वियतनाम निकल जाते हैं। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रीति हुक्माराम सांई क्षेत्र के विकास से जुड़ा जो भी प्रस्ताव लेकर आएंगी, उसे सरकार द्वारा प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए सभी को एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताना होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सरिता गैना ने संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी संगठन से बड़ा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" का नारा देते हुए आह्वान किया कि चुनाव के समय बूथ की वास्तविक ताकत का पता चलता है। पूर्व मुख्यमंत्री भैरोसिंह शेखावत को याद करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने ही सबसे पहले महिलाओं को राजनीति में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की ऐतिहासिक शुरुआत की थी। यही मुख्य कारण है कि आज राजनीति में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि "ट्रिपल इंजन" की सरकार के माध्यम से वास्तविक विकास कार्य तभी संभव हैं, जब पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी यहां से विजयी होकर आएं। महिलाओं की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, और अब महिलाएं ही यह तय करेंगी कि शासन-प्रशासन में किसकी सरकार होगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देने की अपील की।
तहसील का दर्जा देने की रखी मांग-
भाजपा नेत्री प्रीति हुक्माराम सांई ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष भेरूंदा को तहसील मुख्यालय का दर्जा देने की मांग रखी। उन्होंने राजकीय चिकित्सालय में डॉक्टरों की नियुक्ति, गोल में सड़क निर्माण एवं ढाणियों में मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों का प्रस्ताव रखा।
ये रहे मौजूद-
कार्यक्रम में प्रभारी युगल किशोर शर्मा, विस्तारक अशोक कुमार गुर्जर, निवर्तमान प्रधान जसवंत सिंह थाटा, पूर्व जिला मंत्री सुरेश शर्मा मेवड़ा, मंडल अध्यक्ष विनय भूकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह गुढ़ा, राजेंद्र रामावत, गोपालराम राव, इकबाल कुरैशी, ज्योतिषाचार्य महावीर स्वामी, रामवतार शास्त्री , सुरेश व्यास, महावीर हलु सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।