लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने लाडनूं कस्बे में नकबजनी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर घर में घुसकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने का आरोप है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
घर में घुसकर चोरी करने की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को लाडनूं के शहरिया बास निवासी इकबाल खां (42) पुत्र हबीब खां ने पुलिस थाना लाडनूं में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि रात के समय रिजवान पुत्र फेजू खां, उम्र 28 वर्ष, निवासी शहरिया बास, लाडनूं उसके घर में घुसकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना लाडनूं में प्रकरण संख्या 175/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत जांच शुरू की गई।
विज्ञापन
तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना से कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी शम्भुदयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता, मुखबिर से मिली जानकारी, साक्ष्य संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रिजवान को लाडनूं कस्बे से 24 घंटे के भीतर डिटेन किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। इसके लिए पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा तथा लाडनूं वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के निकटतम सुपरविजन में की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व लाडनूं थानाधिकारी शम्भुदयाल ने किया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थानाधिकारी शम्भुदयाल, सहायक उप निरीक्षक चेतराम, हेड कांस्टेबल प्रेमाराम और कांस्टेबल जयचंद की अहम भूमिका रही। जिला पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।