विज्ञापन

डीडवाना में 42 करोड़ के फर्जी GST लेनदेन का खुलासा, CA मोहम्मद एहसान कुरैशी गिरफ्तार

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Thu, 12-Nov-2026
डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने करोड़ों रुपये के फर्जी GST लेनदेन और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) मोहम्मद एहसान कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान में करीब 41 से 42 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन का खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले में लगभग 60 पीड़ित फर्मों के प्रभावित होने तथा करीब 65 लाभार्थी फर्मों के माध्यम से लगभग 10 करोड़ रुपये की ITC का अनुचित लाभ पहुंचाए जाने के तथ्य सामने आए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों, व्यापारियों, ठेकेदारों और फर्म संचालकों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि फर्जी GST इनवॉइस और लेनदेन का वास्तविक दायरा सामने आए आंकड़ों से भी अधिक हो सकता है।
विज्ञापन
फर्जी फर्मों के जरिए GST पोर्टल का किया दुरुपयोग पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न फर्मों के GST पंजीकरण और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी इनवॉइस तैयार करता था। जिन फर्मों के बीच वास्तव में माल का कोई क्रय-विक्रय नहीं हुआ, उनके बीच भी कागजों में करोड़ों रुपये की खरीद-बिक्री दर्शाई जाती थी। इसके बाद इन फर्जी लेनदेन को GST पोर्टल पर अपलोड किया जाता था। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी संबंधित फर्मों की ई-मेल आईडी और पासवर्ड में बदलाव कर उनके GST पोर्टल का नियंत्रण अपने पास रखता था। इसके जरिए फर्जी लेनदेन दर्शाकर विभिन्न फर्मों के माध्यम से ITC का अनुचित लाभ पहुंचाने का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इस फर्जीवाड़े से जहां संबंधित फर्मों के मालिकों को आर्थिक नुकसान हुआ, वहीं सरकारी राजस्व को भी क्षति पहुंचाई गई।
विज्ञापन
अब तक 8 प्रकरण दर्ज, डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी इस मामले में प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना डीडवाना में मुकदमा नंबर 77/2026, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(3), 336(3) एवं 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। घटना से संबंधित कुल 8 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधान पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी मोहन सिंह को सौंपा गया। पुलिस द्वारा विभिन्न फर्मों के GST रिकॉर्ड, इनवॉइस, बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे और सरकारी राजस्व को वास्तविक रूप से कितनी हानि हुई है।
मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा एवं वृत्ताधिकारी डीडवाना उम्मेश गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक मोहन सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद एहसान कुरैशी (36) पुत्र मोहम्मद शकील कुरैशी, निवासी महिला पुलिस थाने के पास, डीडवाना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब आरोपी के विरुद्ध दर्ज अन्य संबंधित मामलों की भी जांच कर रही है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में इनकी रही भूमिका इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी मोहन सिंह, कांस्टेबल गोपालराम (709), कांस्टेबल सचिन (765) एवं कांस्टेबल नरसी बराला (888) शामिल रहे। पुलिस के अनुसार संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस थाना डीडवाना की टीम का विशेष योगदान रहा।

विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News