डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चौथे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के लिए डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवराण (IPS) ने गुरुवार 12 नवंबर को शाम 5 बजे पुलिस लाइन डीडवाना में चुनाव ड्यूटी के लिए नियुक्त सुपरवाइजरी पुलिस अधिकारियों एवं मोबाइल पार्टियों की विशेष ब्रीफिंग ली। इस दौरान एसपी ने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
662 मतदान केंद्रों पर होगी पुलिस की तैनाती
पुलिस के अनुसार चौथे चरण में डीडवाना-कुचामन जिले की डीडवाना, मौलासर, लाडनूं एवं कुचामन पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनाव होंगे। जिले में कुल 168 ग्राम पंचायत मुख्यालयों के अंतर्गत 662 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान दल के साथ दो पुलिसकर्मी अथवा होमगार्ड जवान भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
42 ग्राम पंचायतें संवेदनशील, अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
जिला पुलिस ने जिले की 42 ग्राम पंचायतों को संवेदनशील चिह्नित किया है। इन ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है। प्रत्येक संवेदनशील ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एक प्रभारी अधिकारी सहित चार अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें दो पुलिसकर्मी हथियारों के साथ ड्यूटी देंगे।
तीन ग्राम पंचायतों पर एक मोबाइल पार्टी, कुल 57 टीमें गठित
चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस ने कुल 57 मोबाइल पार्टियों का गठन किया है। प्रत्येक मोबाइल पार्टी को तीन ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक मोबाइल पार्टी में एक उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक अथवा हेड कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मी नियुक्त किए गए हैं।
एसपी ने मोबाइल पार्टियों एवं सुपरवाइजरी अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। सभी पुलिस वाहनों में वायरलेस सेट लगाकर प्रभावी संचार व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी डॉ. शिवराण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने, मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी विवाद या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रति समान और निष्पक्ष व्यवहार रखने तथा प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के मतदान करने का अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
पुलिस ने आमजन से की भयमुक्त होकर मतदान की अपील
एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवराण ने कहा कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न करवाना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। चुनाव संबंधी शिकायतों एवं सहायता के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।