दीपावली से पहले डेगाना के मुख्य बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, बसों की एंट्री पर भी रोक
![]() |
शौकत खान | Mon, 02-Nov-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सोमवार सुबह नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए तथा अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों एवं लोगों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद किया गया।
दुकानों के बाहर रखे सामान और ठेले हटवाए
नगर पालिका ईओ जितेंद्र खीचड़ के नेतृत्व में पालिका की टीम एवं पुलिसकर्मियों ने मुख्य बाजार में कार्रवाई की। मौके पर सीओ अजीतपाल डूडी भी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने दुकानों के बाहर रखे ठेले, सामान, होर्डिंग्स एवं अवैध अस्थायी ढांचों को हटवाया। अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने से आमजन को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
दीपावली तक मुख्य बाजार में बसों का प्रवेश बंद
प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दीपावली तक बसों के मुख्य बाजार में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों के अनुसार त्योहार के दौरान बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में बसों की आवाजाही से जाम की स्थिति बन सकती है। इसी को देखते हुए बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे बाजार में लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
व्यापारियों और आमजन से सहयोग की अपील
नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों का सामान सड़क या फुटपाथ पर नहीं रखें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।