विज्ञापन

नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गुजरात से 50 लाख रुपए कीमत का चोरी हुआ 12 चक्का डंपर बरामद, आरोपी फरार

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Mon, 02-Nov-2026

थांवला(नागौर डेली न्यूज)। नागौर जिले की थांवला थाना पुलिस ने डंपर चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपए कीमत का चोरी हुआ 12 चक्का डंपर गुजरात से बरामद किया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार प्रयासों के बाद गुजरात के मोरकी गांव, थाना भादरवा क्षेत्र से लावारिस हालत में डंपर जब्त किया। हालांकि, चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

 

विज्ञापन

क्या है पूरा मामला ?

पुलिस के अनुसार 24 अक्टूबर 2026 को परिवादी किशन पुत्र मूलाराम जाट, निवासी करकड़ी, थाना रूपनगढ़, जिला अजमेर, हाल वीर तेजा क्रेशर बाड़ीघाटी ने थांवला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात उसके क्रेशर पर खड़ा 12 चक्का डंपर नंबर RJ-01-GD-6744 अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

अगली सुबह करीब 5:44 बजे मुनीम मुकेश का फोन आने पर उसे डंपर चोरी होने की जानकारी मिली। क्रेशर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक व्यक्ति मुंह बांधकर आता दिखाई दिया। वह रात करीब 1:18 बजे क्रेशर परिसर में पहुंचा और 1:21 बजे डंपर लेकर फरार हो गया। आरोपी सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी से आया था।

 

विज्ञापन

700-800 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए नागौर एसपी आशाराम चौधरी के निर्देश पर थांवला थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। डीडवाना वृत्ताधिकारी अजीत पाल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी उमराव जाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से अलग-अलग गांवों, टोल नाकों, पेट्रोल पंपों और होटलों के करीब 700 से 800 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लगातार पीछा और तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम को चोरी के डंपर के गुजरात पहुंचने की जानकारी मिली।

 

गुजरात से बरामद किया 50 लाख का डंपर

लगातार प्रयासों के बाद थांवला पुलिस ने गुजरात के मोरकी गांव, थाना भादरवा, बड़ौदा क्षेत्र से चोरी हुआ 12 चक्का डंपर RJ-01-GD-6744 लावारिस हालत में बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार बरामद डंपर की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए है।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के तहत प्रकरण संख्या 213/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। फिलहाल अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थांवला थानाधिकारी उपनिरीक्षक उमराव जाट के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल भूराराम कस्वां (नंबर 260) और कांस्टेबल सुभाषचंद्र (नंबर 1541) की विशेष भूमिका रही। पुलिस विभाग ने पूरी टीम के प्रयासों को सराहनीय बताया है।

 


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News