नगर परिषद टीम ने परखी वार्डों की व्यवस्थाएं, मौके पर किया समस्याओं का निस्तारण
| मोहम्मद शहजाद | Tue, 27-Oct-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। नगर परिषद मकराना द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभापति रियाज अहमद एवं आयुक्त सुनील चौधरी के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने मंगलवार को विभिन्न वार्डो का दौरा कर जनसमस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्डों में रोड लाइट, सफाई व्यवस्था, सीवरेज कार्य, सड़क मरम्मत तथा विभिन्न विकास व निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
सभापति एवं आयुक्त ने विभागीय प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं कई समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण करवाया गया। इस मौके पर सहायक अभियंता विनीता, कनिष्ठ अभियंता श्रीकांत यादव, सफाई निरीक्षक देवेंद्र सिंह राठौड़, रोड लाइट प्रभारी बरकतुल्लाह, पार्षद शक्ति सिंह चौहान, पार्षद महेश कुमार दाधीच, समाजसेवी मुन्नालाल दाधीच सहित संबंधित अन्य वार्डों के पार्षद व जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।