जिला स्तरीय युवा महोत्सव में मकराना की हेमाद्रि प्रजापत ने कविता लेखन में हासिल किया पहला स्थान, राज्य स्तर पर करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व
| मोहम्मद शहजाद | Tue, 27-Oct-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजस्थान युवा बोर्ड, जयपुर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को डीडवाना के टाउन हॉल में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत सांस्कृतिक ट्रैक का जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया गया। इस महोत्सव के कविता लेखन प्रतियोगिता में मकराना की हेमाद्रि प्रजापत ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
कार्यक्रम की मुख्य थीम विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा रखी गई थी, जिस पर आधारित ओजस्वी कविता प्रस्तुत कर हेमाद्रि ने निर्णायकों को प्रभावित करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। हेमाद्रि अब आगामी 17 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव की सभी प्रतियोगिताओं को पांच श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया था, जिसमें जिले भर से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हेमाद्रि की इस शानदार उपलब्धि पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मकराना के प्रधानाचार्य छोटूराम बाजडोलिया,
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय जूसरी की प्रधानाचार्य ममता नेहरा, नितेश कुमार जैन, सर्वेश्वर पुरोहित, लादूराम सैनी, गोपाल कुमार, बख्तावर सिंह राजपुरोहित, ओमप्रकाश राजपुरोहित, तेजाराम थाकण, भुगाना राम, गोगाराम चौधरी, रामदेव पारीक, अब्दुल रऊफ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व प्रबुद्धजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।