कुचामन में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में गूंजा निकाय चुनाव का बिगुल, एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Wed, 26-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। सम्मेलन में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में राजस्व राज्यमंत्री एवं नावां विधायक विजय सिंह चौधरी, निकाय चुनाव प्रभारी सूरज सोनी, केशकला बोर्ड के चेयरमैन मोहनलाल मोरवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष राजाराम प्रजापति, निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष राधेश्याम गट्टानी, सुरेश बंसल एवं गौरूराम कुमावत तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री रजनी गावड़िया मंचासीन रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि निकाय चुनाव संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।
राजस्व राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि निकाय चुनाव केवल प्रत्याशियों का चुनाव नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत की परीक्षा भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास और आमजन के हित में किए जा रहे कार्यों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संगठन लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के समर्थन से निकाय चुनाव में भाजपा मजबूत स्थिति में रहेगी। निकाय चुनाव प्रभारी सूरज सोनी ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की रणनीति के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में बूथ स्तर की तैयारी सबसे महत्वपूर्ण है।
प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ताओं की सक्रिय टीम तैयार कर मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखना होगा। सोनी ने कहा कि चुनाव में टिकट किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संगठन की प्रक्रिया का विषय है। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाए, कार्यकर्ताओं को उसके साथ पूरी ताकत से खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य संगठन की शक्ति के आधार पर प्रत्येक वार्ड में प्रभावी चुनाव लड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची का अध्ययन करने, बूथवार संपर्क बढ़ाने और पार्टी के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में छोटी-छोटी व्यवस्थाएं भी परिणाम को प्रभावित करती हैं, इसलिए कार्यकर्ता अभी से पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं। केशकला बोर्ड के चेयरमैन मोहनलाल मोरवाल ने कहा कि भाजपा की पहचान उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से है। कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मोरवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को चुनाव को लेकर सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाकर आमजन की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन में मंडल महामंत्री जसराज खुड़ीवाल, राजेंद्र सिंह, किशन गुर्जर, मनोज स्नेही, आनंद व्यास, सुशील काबरा, रघुनाथ कुमावत, पूसाराम कुमावत, कुमावत समाज अध्यक्ष राजकुमार फौजी, नथमल शर्मा, बरखा जैन, कलावती गट्टानी, गणेश सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में निकाय चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया और संगठन की ओर से दी गई चुनावी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाने का संकल्प लिया गया।