मारोठ(नागौर डेली न्यूज) : कस्बे में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौम-ए-पैदाइश के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान जुम्मा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के बच्चे, बच्चियां, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने मिठाई वितरित कर एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
जुलूस जामा मस्जिद से रवाना होकर मुख्य बाजार, गंगा सागर ,बस स्टैंड, हाजी बाबा दरगाह और मदीना मस्जिद होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। जुलूस में मुस्लिम समाज के लोग इस्लामिक झंडियों के साथ तिरंगा लेकर भी शामिल हुए। मुख्य बाजार में आयोजित घोड़ी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार में मौजूद रहे।
जामा मस्जिद पहुंचने के बाद मदरसे में सलातो-सलाम और फातिहा ख्वानी का आयोजन किया गया। जामा मस्जिद के इमाम ने मुस्लिम समाज के लोगों और युवाओं को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि हजरत मोहम्मद साहब पूरी कायनात के रसूल हैं। उनके जीवन से हमें शांति, सद्भाव, प्रेम और आपसी भाईचारे की सीख मिलती है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उनके बताए संदेश को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
मदरसे के बच्चों ने दी प्रस्तुतियां..
कार्यक्रम के दौरान मदरसों में दीनी तालीम हासिल कर रहे बच्चों ने नात, किरात, सवाल-जवाब और तकरीर की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कस्बे की चारों मस्जिदों में आकर्षक सजावट की गई। पूरे कस्बे में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
पुलिस जवानों का किया सम्मान..
जुलूस के दौरान मारोठ थाना पुलिस मय जाब्ता सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। पुलिस जवानों ने जुलूस के दौरान यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। इस अवसर पर जामा मस्जिद के इमाम साहब की ओर से पुलिस जवानों का साफा बंधवाकर सम्मान किया गया।
सर्व समाज के लोगों ने भी की शिरकत
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के मौलाना, वरिष्ठजन, युवा, बच्चे और बुजुर्गों के साथ सर्व समाज के लोगों ने भी सहभागिता निभाई। पंचायत प्रशासक सारिका बाबेल, उप प्रशासक रंगलाल गुर्जर, समाजसेवी तेजाराम रूलानिया, शिवरतन पारीक, हेमंत काला, हितेश जैन, सुवालाल सुकरीया, ललित सेन, नारायण चावला सहित कई लोग जुलूस में शामिल हुए।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकले जुलूस में आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।