शिवदानपुरा स्कूल में मानक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, निशा कुमावत रहीं प्रथम
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 13-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवदानपुरा में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), जयपुर के तत्वावधान में बुधवार को मानक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय में गठित मानक क्लब-6886 के माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं निर्धारित मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में विद्यालय की 31 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मानकों और गुणवत्ता के प्रति जागरूक होने का दिया संदेश
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के मानक क्लब प्रभारी प्रकाश कुमार गौड़ के निर्देशन में किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रद्युम्न शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उत्पाद प्राप्त होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मार्क-प्रमाणन चिह्न एवं हॉलमार्क की उपयोगिता समझाते हुए जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया।
निशा कुमावत प्रथम, दीपिका-रेखा द्वितीय
प्रतियोगिता को सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया, जिसमें श्रीमती प्रियंका जांगिड़ एवं सुश्री मनीषा आनंद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में निशा कुमावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दीपिका और रेखा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अक्षरा और चिंतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
प्रतिभागियों को दिए सांत्वना पुरस्कार
प्रतियोगिता में शामिल अन्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के स्टाफ सदस्यों मुकेश बाकोलिया, मुकेश मीणा, सीमा, लिछमन राम चौधरी, प्रियंका जांगिड़, रेणु शर्मा, घनश्याम खोरवाल, चंद्रा राम तेतरवाल, नानूराम, बलवीर गौड़, उषा शर्मा, मनीषा आनंद, राजेंद्र चौधरी, राजेंद्र एवं महेंद्र का सहयोग रहा। अंत में मानक क्लब प्रभारी प्रकाश कुमार गौड़ ने निर्णायक मंडल एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।