कुचामन : आदर्श एवं विनायक महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता शिविर आयोजित
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 13-Aug-2026 |
|---|
युवाओं को मतदान के अधिकार, नैतिक मतदान और लोकतंत्र में भागीदारी के महत्व की दी जानकारी
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। आदर्श महाविद्यालय एवं विनायक महाविद्यालय, कुचामन सिटी में गुरुवार को संयुक्त रूप से मतदाता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका तथा निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में स्वीप प्रभारी दिनेश सिंह ने छात्र-छात्राओं को शत-प्रतिशत मतदान करने तथा अपने परिवारजनों एवं मित्रों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
मतदान में प्रलोभन से दूर रहने का दिया संदेश
स्वीप प्रभारी दिनेश सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि मतदान निष्पक्ष और नैतिक तरीके से किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार का प्रलोभन या लालच प्राप्त करके मतदान नहीं करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को शत-प्रतिशत मतदान से होने वाले लाभों और लोकतंत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी जानकारी दी।
ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझी
शिविर के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों को ईवीएम मशीन के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि मतदान के बाद वीवीपैट मशीन के माध्यम से अपने मत की पुष्टि की जा सकती है। विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न जानकारियां देकर उनकी शंकाओं एवं भ्रांतियों का समाधान किया गया। छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की स्थापना का सुझाव
संदर्भ व्यक्ति दिनेश कुमार जांगिड़ ने स्कूल एवं कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्थापित करने तथा उसके उद्देश्यों के अनुरूप समय-समय पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का सुझाव संस्था के प्राचार्य को दिया। संस्था अध्यक्ष डॉ. राजाराम प्रजापति ने स्वीप कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया तथा चुनाव की निष्पक्षता और नैतिकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी।
कार्यक्रम में संदर्भ व्यक्ति श्रीमती संतोष, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा एवं प्रोफेसर निशिकांत का विशेष सहयोग रहा। शिविर के दौरान विद्यार्थियों की मतदान से संबंधित विभिन्न भ्रांतियों को दूर किया गया। विद्यार्थियों ने जागरूकता कार्यक्रम में उत्सुकता से भाग लेते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।