कुचामन की हर्षिता अब NISER भुवनेश्वर में करेगी पढ़ाई, NEET, AIIMS व IISER की परीक्षाओं में भी हासिल की सफलता, NEST में ऑल इंडिया रैंक 1541
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 13-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। क्षेत्र की प्रतिभावान छात्रा हर्षिता चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर परिवार, विद्यालय और कुचामन क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हर्षिता ने राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (NISER), भुवनेश्वर में प्रवेश के लिए आयोजित NEST परीक्षा उत्तीर्ण की है। परीक्षा में उनकी ऑल इंडिया रैंक 1541 तथा ओबीसी श्रेणी में 398वीं रैंक रही। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब हर्षिता NISER भुवनेश्वर में अध्ययन करते हुए विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी।
NEET में 646 अंक, सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का था अवसर
हर्षिता ने वर्ष 2026 की NEET परीक्षा में 646 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा उन्होंने R-NEET में 538 अंक हासिल किए तथा उनकी ऑल इंडिया रैंक 47,857 और ओबीसी श्रेणी रैंक 23,555 रही। प्राप्त अंकों के आधार पर राजस्थान के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का अवसर बन रहा था, लेकिन हर्षिता ने अपने भविष्य के लिए विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए NISER में अध्ययन करने का निर्णय लिया।
हर्षिता ने वर्ष 2025 में आर.के. गुरुकुल विद्यालय से विज्ञान संकाय में बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की थी। पढ़ाई के दौरान उन्होंने मेडिकल क्षेत्र के साथ-साथ विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थानों में प्रवेश के लिए भी लगातार तैयारी की और विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा साबित की।
IISER और AIIMS में भी मिली सफलता
हर्षिता की उपलब्धियां केवल NEST और NEET तक सीमित नहीं हैं। उन्हें भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), बुरहानपुर में प्रवेश के लिए भी प्रस्ताव पत्र प्राप्त हुआ है। IISER देश के प्रतिष्ठित विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थानों में शामिल हैं।
इसके अलावा हर्षिता ने AIIMS, नई दिल्ली द्वारा संचालित बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा में भी सफलता हासिल की। इस परीक्षा में उन्होंने 380वीं रैंक तथा ओबीसी वर्ग में 177वीं रैंक प्राप्त की। इसके बाद उन्हें AIIMS जोधपुर से भी ऑफर लेटर मिला। इस तरह हर्षिता ने मेडिकल, नर्सिंग तथा विज्ञान एवं अनुसंधान—तीनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
परिजनों और शिक्षण संस्थानों ने किया सम्मान
हर्षिता की सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। वह भाजपा नेता सुनील चौधरी की पुत्री हैं। उनके दादा गौरुराम चौधरी और नाना मंगलाराम बाजिया सहित परिजनों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। परिजनों ने सफलता का श्रेय हर्षिता की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया।
हर्षिता की उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। आरआर गुरुकुल एवं टैगोर ग्रुप के निदेशक पूर्णसिंह रणवा, बीएल बागड़िया, नावां प्रधान प्रतिनिधि राजेश गुर्जर सहित अन्य लोगों ने हर्षिता के घर पहुंचकर साफा एवं माला पहनाकर उनका सम्मान किया। हर्षिता की सफलता को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।