डीडवाना-कुचामन पुलिस की जिलेभर में सघन नाकाबंदी, चार घंटे में 254 चालान काटे
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 17-Jul-2026 |
|---|
डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से डीडवाना-कुचामन पुलिस ने गुरुवार शाम जिलेभर में एक साथ व्यापक स्तर पर सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख राजमार्गों, राज्य मार्गों, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 254 चालान बनाए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवराण (आईपीएस) के निर्देशन में यह अभियान 16 जुलाई को शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक पूरे जिले में एक साथ संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा (डीडवाना), विमल सिंह (कुचामन) एवं भूपेन्द्र शर्मा (परबतसर) के पर्यवेक्षण में जिले के सभी वृत्ताधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की।
काली फिल्म और बिना हेलमेट वालों पर सबसे अधिक कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। जारी आंकड़ों के अनुसार 54 वाहनों पर काली फिल्म, 48 बिना हेलमेट, 49 बिना सीट बेल्ट, 6 वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते हुए, 50 बिना नंबर प्लेट अथवा निर्धारित मानक के विपरीत नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा अन्य नियम उल्लंघन के 47 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 254 चालान बनाए गए।
सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और सड़क दुर्घटनाओं से बचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।