नागौर पुलिस ने फर्नीचर गोदाम में आगजनी का किया खुलासा, पारिवारिक रंजिश में मौसेरे भाई ने लगाई थी आग
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 17-Jul-2026 |
|---|
नागौर(नागौर डेली न्यूज)। नागौर पुलिस ने डेह रोड स्थित एक फर्नीचर गोदाम में हुई भीषण आगजनी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना किसी व्यावसायिक विवाद नहीं, बल्कि पारिवारिक रंजिश का परिणाम थी। आरोपी ने पेट्रोल छिड़ककर गोदाम में आग लगा दी, जिससे लाखों नहीं बल्कि करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पांच दिन तक 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी जतिन जैन (आईपीएस) के निकट सुपरविजन में कोतवाली थाना प्रभारी वेदपाल शिवराण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार पांच दिन तक घटना की गहन जांच की। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान कर उसे चेनार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हुक्मीचंद (21) पुत्र बलदेवराम, निवासी गंगा माता मंदिर के पास, चेनार, थाना कोतवाली, नागौर के रूप में हुई है।
12 जुलाई की रात पेट्रोल छिड़ककर लगाई थी आग
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की रात डेह रोड स्थित निर्मल ट्रेडिंग कंपनी के फर्नीचर गोदाम में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई थी। आग में सोफा, गद्दे, होम डेकोर फर्नीचर, मशीनरी और गोदाम का ढांचा जलकर राख हो गया। परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में लगभग 60 लाख रुपये का फर्नीचर, 20 लाख रुपये का निर्माण कार्य तथा 20 लाख रुपये की मशीनरी जलने की बात कही थी। कुल मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया।
शुरुआती शक कर्मचारी पर, लेकिन जांच में सामने आई असली साजिश
प्रारंभिक रिपोर्ट में परिवादी ने अपने पूर्व कर्मचारी पर शक जताया था, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष जांच करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वास्तविक आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी परिवादी के पिता का मौसेरा भाई है और पारिवारिक रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (RJ-18 FS-3608) भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सीसीटीवी लगाने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक संस्थानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधों का शीघ्र खुलासा करने में काफी सहायता मिलती है।