डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ईडवा, पालियास एवं सिरासना में टीबी जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविर में कुल 1312 ग्रामीणों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 170 संदिग्ध व्यक्तियों के आधुनिक हैंड हेल्ड मशीन से डिजिटल चेस्ट एक्स-रे किए गए। एक्स-रे में चिन्हित संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच व उपचार के लिए रेफर किया गया।
विज्ञापन
उच्च जोखिम वाले लोगों पर फोकस
ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर कैलाश राम डूकिया ने बताया कि अभियान का मकसद टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें जांच व उपचार से जोड़ना है। अभियान के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग, डायबिटीज मरीज, कुपोषित व्यक्ति, सांस संबंधी रोगी और अन्य उच्च जोखिम वाले लोगों की विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। पात्र व्यक्तियों की निक्षय आईडी बनाकर समय पर जांच और उपचार की सुविधा दी जा रही है। ईडवा में स्वास्थ्य कर्मियों ने निश्चय मित्र बनकर मरीजों को दवाई के साथ पोषण किट भी वितरित की।
विज्ञापन
लक्षणों के प्रति किया जागरूक
शिविर में ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच कराने, नियमित दवा सेवन और रोग से जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी गई। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेहराम महिया ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच करवाएं। उन्होंने टीबी मुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी
शिविर में चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. पंकज, रेडियोग्राफर सरफराज, ओमप्रकाश, लैब तकनीशियन बाबूलाल, जाबरनाथ, विक्रम सिंह, एएनएम सरिता, आशा सहयोगिनियां एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।