श्याम मंदिर चोरी प्रकरण में बरामद सामान ट्रस्ट को सौंपा
![]() |
शौकत खान | Wed, 24-Jun-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। शहर के गांव चांदारुण में स्थित प्रसिद्ध श्याम मंदिर में हुई चोरी की वारदात में बरामद सामग्री गुरुवार को न्यायालय के आदेश के बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट को सुपुर्द कर दी गई। चोरी की घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया के उपरांत मंदिर की अमानत वापस मिलने से श्रद्धालुओं एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि 12 फरवरी 2026 को श्याम मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया था। मामले में जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद न्यायालय ने बरामद सामग्री को मंदिर ट्रस्ट को लौटाने के आदेश जारी किए।
गुरुवार को न्यायालय परिसर में आयोजित प्रक्रिया के दौरान बरामद सामान श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद हेड़ा एवं अन्य पदाधिकारियों को विधिवत् सुपुर्द किया गया। पुलिस कार्रवाई की ट्रस्ट ने की सराहना। सामान मिलने के बाद ट्रस्ट पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन एवं जांच टीम की कार्यशैली की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पुलिस की समयबद्ध कार्रवाई के कारण मंदिर की बहुमूल्य सामग्री सुरक्षित वापस प्राप्त हो सकी। साथ ही न्यायालय की प्रक्रिया के तहत मंदिर की अमानत पुनः मिलने पर पूरे श्याम परिवार में संतोष और खुशी का माहौल है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन, जांच टीम एवं न्यायालय का आभार व्यक्त किया।