मंदिरों और ट्यूबवेलों में चोरी करने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश, एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां गिरफ्तार
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 12-May-2026 |
|---|
गोटन(नागौर डेली न्यूज) : नागौर जिले के गोटन थाना पुलिस ने मंदिरों और ट्यूबवेलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नागौर के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के सदस्य शामिल हैं।
आरोपियों की पहचान जगदीश बावरी (66), महेंद्र बावरी (41), अजयपाल बावरी (35), पवन बावरी (21) निवासी कालरू, थाना मेड़तासिटी तथा चोरी का सामान खरीदने वाले सुमेरलाल माली (45) निवासी भाटियों का बास, मेड़तासिटी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय मंदिरों में नकबजनी कर सोने-चांदी के आभूषण, दानपात्र और अन्य सामान चोरी करते थे। इसके अलावा ट्यूबवेलों से विद्युत केबल काटकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने गोटन थाना क्षेत्र में करीब आधा दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए चांदी के आभूषण, विद्युत केबल, गैस सिलेंडर, चूल्हा, मंदिर का दानपात्र तथा वारदात में प्रयुक्त बजाज मोटरसाइकिल और केबल काटने की लोहे की कुल्हाड़ी बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जगदीश रात के समय पहचान छिपाने के लिए धोती-कुर्ते की बजाय पेंट-शर्ट पहनकर वारदात को अंजाम देता था। आरोपियों ने मोकलपुर स्थित पाल वाली माताजी मंदिर, रोल चांदावता के देवनारायण मंदिर और कई ट्यूबवेलों से केबल चोरी करना कबूल किया है।
गोटन थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए गैंग का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।