सब्जी मंडी में जैन मंदिर के रास्ते को लेकर विवाद, समाज के लोग धरने पर बैठे
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 23-Apr-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। कुचामन शहर की सब्जी मंडी स्थित जैन मंदिर तक जाने वाले रास्ते में अवरोध को लेकर गुरुवार को जैन समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। रास्ते में अतिक्रमण से आक्रोशित समाज के महिला-पुरुष मंदिर के बाहर और सब्जी मंडी क्षेत्र में जमीन पर बैठ गए तथा शांतिपूर्ण तरीके से मंत्रोच्चार करते हुए धरना दिया।
प्रदर्शन के दौरान समाज के अर्पित जैन ने कहा कि जब तक मंदिर के रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक वे भूख हड़ताल पर रहेंगे। इस मौके पर भाजपा कुचामन मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत भी पहुंचे और समाज के समर्थन में धरने में शामिल हुए। धरने की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मंदिर और अग्रवाल भवन के आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को एक दिन का समय दिया। जैन समाज की बरखा जैन ने बताया कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है और शुक्रवार सुबह तक रास्ता साफ करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बाद में नगर परिषद आयुक्त शैलेश काकरिया ने मौके पर पहुंचकर धरनारत लोगों से वार्ता की और उन्हें भरोसा दिलाया कि अगले दिन से रास्ते में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गोल प्याऊ क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण का भी निरीक्षण कर उसे हटाया जाएगा। आयुक्त के आश्वासन के बाद अर्पित जैन ने अपना भूख अनशन समाप्त किया और धरना भी स्थगित कर दिया गया।