स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी, संभागीय आयुक्त ने किया कुचेरा सीएचसी का औचक निरीक्षण
![]() |
महबूब खोखर | Thu, 23-Apr-2026 |
|---|
कुचेरा(नागौर डेली न्यूज) : कुचेरा स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का गुरुवार को संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़ ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को परखना और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना रहा।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. रामअवतार जाखड़ ने आयुक्त को अस्पताल का भ्रमण करवाया तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मूंडवा उपखंड अधिकारी प्रभजोत सिंह गिल, मूंडवा तहसीलदार बुधाराम सोउ, डॉ. नरेंद्र बाज्या, ऑपरेटर अरविंद घांची एवं फार्मेसी स्टाफ नरेश तिर्दिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
संभागीय आयुक्त ने सबसे पहले ओपीडी कक्ष का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था एवं उपलब्ध संसाधनों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने पर्ची कक्ष, दवा वितरण कक्ष, नर्सिंग रूम, ड्रेसिंग रूम, स्टोर रूम तथा जांच प्रयोगशाला का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त राठौड़ ने वार्ड में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और उनकी कुशलक्षेम पूछते हुए अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के अंत में उन्होंने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।