देश में गैस की किल्लत के लिए सरकार जिम्मेदार : बिंदु, पूर्व जिला प्रमुख ने किया गांवों का दौरा
![]() |
शौकत खान | Thu, 26-Mar-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। बुधवार को पूर्व जिलाप्रमुख एवं कांग्रेस नेत्री बिंदु चौधरी ने कस्बे सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके हाल जाने। चौधरी ने क्षेत्र में आयोजित हुए कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खासकर महिलाओं से मौजूदा हालात को लेकर चर्चा की।
इस मौके पर उन्होंने देश में व्यावसायिक गैस सिलिंडर की सप्लाई प्रभावित होने और घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलिंडर की सप्लाई बाधित होने से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले छोटे व्यापारियों का काम प्रभावित हो रहा है।
कई स्थानों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। मौजूदा हालात में सरकार पूरी तरह विफल है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलिंडर की सप्लाई व्यवस्था जल्द सुचारू की जाए और बढ़े हुए दाम वापस लेकर जनता को राहत दी जाए। देश में घरेलू गैस की कमी चल रही है और सरकार ने आपदा में भी अवसर ढूंढते हुए 60 रुपए घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ा दिए।
देश में एलपीजी की कमी से लोग परेशान हैं, यह मोदी सरकार की बड़ी विफलता है कि लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े हैं, जबकि समाधान की दिशा में ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी कानून व्यवस्था चरमराई हुई है।