विज्ञापन

148 किलो डोडा पोस्त मामले में 4 साल से फरार आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

अबू बकर बल्खी Sat, 13-Jun-2026

लाडनूं(नागौर डेली न्यूज) डीडवाना-कुचामन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 में जसवंतगढ़ थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।

 

विज्ञापन

वर्ष 2022 में नाकाबंदी के दौरान बरामद हुआ था 148 किलो डोडा पोस्त

पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2022 को जसवंतगढ़ थाना पुलिस द्वारा सुलताना चौराहे पर रात्रि नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक वर्ना कार (HR10S5335) तेज गति से वहां पहुंची। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास करने पर चालक नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया, लेकिन जसवंतगढ़ बस स्टैंड के पास कार का टायर पंक्चर होने के बावजूद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। बाद में वाहन की तलाशी लेने पर विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखा गया 148 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ था। इसके बाद जसवंतगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच लाडनूं थाना पुलिस को सौंपी गई थी।

 

विज्ञापन

बार-बार पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार चालक की पहचान जसबीर सिंह उर्फ लाडी पुत्र बख्शीश, निवासी मुरादपुर, थाना समाना, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण मामला लंबित चल रहा था।

 

विशेष टीम ने पंजाब पहुंचकर किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवराण (आईपीएस) द्वारा लंबित मामलों के निस्तारण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिए गए निर्देशों के बाद मामले को प्राथमिकता से लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में लाडनूं थानाधिकारी शंभूदयाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थानाधिकारी शंभूदयाल, हेड कांस्टेबल गोपाल, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल सुभाष कुमार तथा कांस्टेबल दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News