विज्ञापन

मेरा गाँव, मेरी पंचायत, मेरा वोट: चितावा-दौलतपुरा में रंगोली, मेहंदी, प्रश्नोत्तरी और रैली से गूँजा शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Mon, 02-Nov-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच ग्राम चितावा और दौलतपुरा में मतदाता जागरूकता की ऐसी बयार चली कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई मतदान के संकल्प से जुड़ गया। रिटर्निंग अधिकारी, कुचामन सिटी के निर्देशानुसार स्वीप (मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम) के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, बीएलओ और ग्रामीणों ने उत्साह से भाग लिया।
 

 

विज्ञापन

कार्यक्रम में ग्रामीणों को चुनाव की तारीखों की जानकारी दी गई। बताया गया कि आगामी 14 नवंबर को जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव ईवीएम से होंगे, जबकि 16 नवंबर को सरपंच एवं पंच के चुनाव मतपत्र से कराए जाएँगे। साथ ही आदर्श आचार संहिता की जानकारी देते हुए अपील की गई कि सभी मतदाता बिना किसी प्रलोभन, दबाव या भय के अपनी स्वतंत्र इच्छा से मतदान करें और चुनाव में शांति व आपसी सौहार्द बनाए रखें।
 

विज्ञापन

रंगोली, पोस्टर एवं मेहंदी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने "मेरा वोट, मेरा अधिकार", "जन-जन को समझाना है, वोट डालने जाना है", "पहले मतदान फिर जलपान" और "कोई मतदाता न छूटे" जैसे संदेशों को रंगों में उकेरा। मेहंदी के माध्यम से हथेलियों पर मतदान का संदेश रचकर भी लोगों को जागरूक किया गया। मतदाता प्रश्नोत्तरी में मतदाता पंजीकरण, पात्रता, मतदाता पहचान पत्र और ईवीएम व मतपत्र से मतदान की प्रक्रिया पर सवाल पूछे गए, जिनके प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास से जवाब दिए। इसके बाद तख्तियाँ और नारे लिए विद्यार्थियों की मतदाता जागरूकता रैली गाँव की गलियों से गुज़री और "जन-जन को समझाना है, वोट डालने जाना है" के नारों के साथ घर-घर जाकर ग्रामीणों से मतदान की अपील की गई।

 

रैली के बाद सभी उपस्थित जनों ने निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ ली और परिवार व पड़ोसियों को भी साथ लाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, लोकतंत्र के प्रति हमारा कर्तव्य भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपना नाम मतदाता सूची में जाँच लेने की अपील की।



कार्यक्रम में सह प्रभारी जितेंद्र स्वामी एवं दिनेश जांगिड़, संस्था प्रधान राजेन्द्र कुमार मीणा एवं ईएलसी प्रभारी अशोक कुमार टेलर (चितावा), संस्था प्रधान ऊषा सैनी एवं ईएलसी प्रभारी सुनील सिंवर (दौलतपुरा), समस्त बीएलओ तथा स्टाफ साथी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से दोनों स्थानों पर आयोजन सफल रहा।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News