नावां : तृतीय चरण के चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Mon, 02-Nov-2026 |
|---|
नावां(नागौर डेली न्यूज)। जिले में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ प्यारेलाल शिवरान ने नावां क्षेत्र के पांचोता, मिठडी और लूणवा मे विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मंगलवार को होने वाले मतदान की आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, क्रिटिकल सेंटर्स पर अतिरिक्त जाब्ता लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
साथ ही मतदान केंद्रों पर रैंप, बिजली, पानी, छांव और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित प्रभारियों को पाबंद किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से बिना किसी भय या प्रलोभन के लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस दौरान नावां उपखंड अधिकारी हुकमीचन्द रोलानिया सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।