डिस्ट्रिक्ट ओपन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता कल कुचामन में
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 25-Sep-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नवंबर में हैदराबाद में आयोजित होने वाली 20वीं अखिल भारतीय इंटरडिस्ट्रिक्ट जूनियर अंडर-14 एवं अंडर-16 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए नागौर एवं डीडवाना-कुचामन जिले की टीम के चयन हेतु डिस्ट्रिक्ट ओपन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को कुचामन में किया जाएगा।
बालाजी स्पोर्ट्स अकैडमी में सुबह 8 बजे से मुकाबले
प्रतियोगिता का आयोजन बालाजी स्पोर्ट्स अकैडमी, बुडसू रोड, कुचामन में सुबह 8 बजे से होगा। इसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
250 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
नागौर एथलेटिक्स संघ प्रमुख हरिराम जी ने बताया कि जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता के लिए जिलेभर से कुल 250 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अंडर-14 में ट्रायथलॉन फॉर्मेट में होंगे मुकाबले
अंडर-14 वर्ग के मुकाबले ट्रायथलॉन फॉर्मेट में आयोजित किए जाएंगे। इसमें बालक और बालिकाओं के मुकाबले अलग-अलग होंगे तथा प्रतियोगिता को तीन ग्रुप में आयोजित किया जाएगा। वहीं अंडर-16 वर्ग के मुकाबले आठ ग्रुप में आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हैदराबाद में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला दल के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी नवंबर में हैदराबाद में होने वाली अखिल भारतीय इंटरडिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है और बड़ी संख्या में युवा एथलीट अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए मैदान में उतरेंगे।