झुंझुनूं(नागौर डेली न्यूज) : झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
विज्ञापन
रोड़ी मिलाने वाली मशीन से फैला करंट
जानकारी के अनुसार छापोली गांव में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की जान चली गई।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। झुंझुनूं जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, जांच के निर्देश
हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
एक साथ आठ मजदूरों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच की जा रही है।