विज्ञापन

झलरिया चौक में मकान के ताले तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Fri, 25-Sep-2026

डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए झलरिया चौक स्थित एक सूने मकान के ताले तोड़कर चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34.63 ग्राम सोने के आभूषण, 62.22 ग्राम चांदी के आभूषण तथा करीब 8 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे अन्य वारदातों के खुलासे एवं बरामदगी की संभावना जताई गई है। 

 

विज्ञापन

18-19 सितंबर की रात हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार घटना 18-19 सितंबर 2026 की रात की है। झलरिया चौक, डीडवाना निवासी 82 वर्षीय सुशीला देवी पत्नी बृजमोहन, जाति गौड़ ब्राह्मण ने 21 सितंबर को पुलिस थाना डीडवाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

रिपोर्ट के अनुसार वह करीब 10 दिन पहले अहमदाबाद गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि उनके मकान की ऊपर की ओर लगी किरण हटाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया और नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 179/2026, धारा 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। 

 

विज्ञापन

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने डीडवाना कस्बे एवं घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके साथ ही बेहतर फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्यों एवं आसूचना के आधार पर चोरी की वारदात में आरोपी की संलिप्तता के साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस टीम ने इसके बाद डीडवाना कस्बे में आरोपी की तलाश कर सुमित शर्मा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। 

 

आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 34.63 ग्राम सोने के आभूषण, 62.22 ग्राम चांदी के आभूषण और करीब 8,000 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुमित शर्मा पुत्र जयप्रकाश, उम्र 26 वर्ष, निवासी झलरिया चौक, डीडवाना है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के कई प्रकरण दर्ज हैं। प्रेस नोट में उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड में वर्ष 2023, 2024 और 2026 के विभिन्न मामले दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। 

अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना

पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा की गई अन्य चोरी एवं नकबजनी की वारदातों के खुलासे और बरामदगी की संभावना है। 

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान IPS के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी डीडवाना उमेश गुप्ता के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में डीडवाना थाना प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कल्याण सिंह, कांस्टेबल नरसी बराला, सुनील कुमार, किशोर कुमार एवं रवि कुमार का भी योगदान रहा।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News