विज्ञापन

जवाहर स्कूल में बच्चों को बताया साइबर ठगी से बचने का तरीका, गुड टच-बैड टच और पॉक्सो कानून की भी दी जानकारी

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Mon, 02-Nov-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। डिजिटल तकनीक और इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। इसी को लेकर तालुका विधिक सेवा समिति कुचामन की जागरूकता इकाई की सदस्य मंजू चौधरी ने सोमवार को कुचामन क्षेत्र के जवाहर स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों को बढ़ते साइबर अपराध, पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों एवं कानूनी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

 

विज्ञापन

फिशिंग, हैकिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से रहें सावधान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंजू चौधरी ने कहा कि इंटरनेट ने हमारे जीवन को काफी आसान बना दिया है, लेकिन इसका इस्तेमाल अब अपराधों के लिए भी किया जा रहा है। साइबर अपराधी लोगों की निजी जानकारी, पैसे और पहचान चुराने के साथ ही झूठी सूचनाएं फैलाकर किसी को बदनाम भी कर सकते हैं। उन्होंने फिशिंग, हैकिंग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन फ्रॉड और रैनसमवेयर अटैक जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विज्ञापन

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक और संदेशों पर क्लिक न करें तथा अपना ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर अपराध का शिकार होने पर साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाने की जानकारी भी दी गई।

पॉक्सो कानून और बच्चों के अधिकारों की दी जानकारी

कार्यक्रम में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह कानून 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण, उत्पीड़न एवं अन्य प्रकार की अनुचित गतिविधियों से सुरक्षा प्रदान करता है। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया गया तथा किसी भी असहज स्थिति में माता-पिता एवं शिक्षकों से खुलकर बातचीत करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी गलत व्यवहार की जानकारी बिना डर के अपने विश्वसनीय अभिभावक या शिक्षक को देनी चाहिए।

स्वच्छता की शपथ दिलाई, प्री-लिटिगेशन व मध्यस्थता की जानकारी दी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्री-लिटिगेशन एवं मध्यस्थता प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। इसके साथ ही बच्चों ने स्कूल परिसर एवं अपने घर के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की शपथ ली। यह जागरूकता कार्यक्रम राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कुचामन श्रीमती कुसुम सूत्रकार के आदेशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News