विज्ञापन

कुचामन में हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल का शुभारंभ, बाजार से आधी कीमत पर होंगी करीब 200 प्रकार की जांचें

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Sun, 01-Nov-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। महंगी होती चिकित्सा सुविधाओं के बीच कुचामन शहरवासियों के लिए राहत भरी पहल शुरू हुई है। आमजन एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को किफायती दरों पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय जिला अस्पताल के समीप हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल एवं जांच केंद्र का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन समारोह में हमीदिया चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी अब्दुल हमीद मौलानी एवं कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर परिषद सभापति महेश रामचंद्रका सहित शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

 

विज्ञापन

'नो प्रॉफिट-नो लॉस' पर संचालित होगा अस्पताल

ट्रस्ट अध्यक्ष हाजी अब्दुल हमीद मौलानी ने बताया कि वर्तमान समय में चिकित्सा जांच एवं उपचार का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए ट्रस्ट ने अस्पताल एवं जांच केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया है। संस्थान को 'नो प्रॉफिट-नो लॉस' के सिद्धांत पर संचालित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

कुचामन विकास समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने इस पहल को शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कम कीमत पर चिकित्सा जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होना आमजन के लिए बड़ी राहत साबित होगा। नगर परिषद सभापति महेश रामचंद्रका ने भी इसे चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सराहनीय कदम बताया। मुस्लिम एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के सचिव अकीक अहमद उस्मानी ने भी ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की।

 

विज्ञापन

करीब 200 प्रकार की जांचें होंगी उपलब्ध

ट्रस्ट से जुड़े लियाकत अली टाक, सलीम मौलानी एवं अब्दुल हकीम मौलानी ने बताया कि अस्पताल में एक्स-रे, सोनोग्राफी सहित करीब 200 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इन जांचों की दरें बाजार में संचालित निजी जांच केंद्रों की तुलना में लगभग आधी रखने का लक्ष्य है।

यहां पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ईसीजी, दवाइयों की फार्मेसी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे कुचामन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अपने क्षेत्र में ही जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का विकल्प मिलेगा।

 

भविष्य में MRI, सिटी स्कैन और डायलिसिस की भी तैयारी

ट्रस्ट सचिव मोहम्मद हुसैन मौलानी ने बताया कि भविष्य में अस्पताल में इको, MRI, सिटी स्कैन एवं डायलिसिस जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी का विस्तार और आधुनिक तकनीक से युक्त ऑपरेशन थिएटर विकसित करने की भी योजना है।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का प्रयास है कि कुचामन एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-बड़ी जांच और उपचार के लिए जयपुर, अजमेर जैसे बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़े तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और किफायती चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News