रंगों में रचा लोकतंत्र : रूपपुरा-जसराना में रंगोली, मेहंदी और रैली ने दिया 'कोई भी मतदाता न छूटे' का संदेश
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 15-Oct-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। रिटर्निंग अधिकारी, कुचामन सिटी के निर्देशन में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत रूपपुरा एवं जसराना में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्वीप के मूल मंत्र "कोई भी मतदाता न छूटे" को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों गाँवों की गलियाँ रंगोली के रंगों और "मेरा वोट, मेरा अधिकार" के नारों से गूँज उठीं। प्रतिभागियों ने रंगोली, पोस्टर और मेहंदी के माध्यम से मतदान का संदेश उकेरा, जबकि मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों के उत्साह से जवाब दिए।
इसके बाद निकली मतदाता जागरूकता रैली ने पूरे गाँव को इस मुहिम से जोड़ दिया। दोनों ही स्थानों पर उपस्थित सभी लोगों को मतदान का संकल्प भी दिलाया गया। रूपपुरा में कार्यक्रम संस्था प्रधान जॉनी शेखावत और ईएलसी प्रभारी चेतन राम के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बीएलओ बनवारी, टंवर सिंह और विनोद कुमार उपस्थित रहे। जसराना में संस्था प्रधान सुनील कुमार तिवाड़ी और ईएलसी प्रभारी एवं बीएलओ सुरेंद्र कुमार,मदन लाल और राजेंद्र मुहाल भी मौजूद रहे।
दोनों स्थानों पर प्रभारी दिनेश सिंह एसीबीईओ, सह प्रभारी जितेंद्र स्वामी और दिनेश जांगिड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रमों की सफलता में विद्यालय के सभी स्टाफ साथियों की भी अहम भूमिका रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएँ और पुरुष कार्यक्रम का हिस्सा बने, और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से अच्छी रही।
प्रतिभागियों ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। साथ ही आगामी चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर मतदाता की भागीदारी से ही संभव है।