नशा मुक्त नागौर अभियान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी और अफीम डोडा पोस्त बरामद
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 03-Sep-2026 |
|---|
नागौर(नागौर डेली न्यूज)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर” अभियान के तहत नागौर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई की है। खाटूबड़ी थाना पुलिस ने एक आरोपी के घर से 6.52 ग्राम अवैध एमडी और 1.892 किलोग्राम अफीम डोडा पोस्त बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं पादूकलां थाना पुलिस ने एमडी बनाने की फैक्ट्री के मामले में एक अवैध कारतूस सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पोक्सो एक्ट के मामले में भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
खाटूबड़ी में एमडी और अफीम डोडा पोस्त बरामद
खाटूबड़ी थाना पुलिस और डीएसटी नागौर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सांडिला गांव में आरोपी कमल सारस्वत के निवास स्थान से अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 95 हजार रुपये कीमत की 6.52 ग्राम एमडी तथा 1.892 किलोग्राम अफीम डोडा पोस्त जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी कमल सारस्वत पुत्र रामराम, उम्र 32 वर्ष, निवासी सांडिला, थाना खाटूबड़ी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15 एवं 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले का अनुसंधान सुरपालिया थाना प्रभारी विनोद मीणा द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 2 सितंबर की शाम गश्त के दौरान डीएसटी से मिली सूचना के आधार पर आरोपी के घर पर दबिश दी गई थी। कार्रवाई में खाटूबड़ी थाना पुलिस और डीएसटी टीम शामिल रही। विशेष योगदान डीएसटी के कांस्टेबल धर्माराम का बताया गया है।
पादूकलां में एमडी फैक्ट्री मामले में एक और गिरफ्तारी
पादूकलां थाना पुलिस ने एमडी बनाने की फैक्ट्री के मामले में कार्रवाई करते हुए अवैध कारतूस सप्लायर शक्तिसिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को नागौर की दीप कॉलोनी में एमडी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था। मौके से करीब 20 करोड़ रुपये की एमडी बनाने की सामग्री, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया गया था।
इस मामले में पूर्व में आरोपी महावीर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार अब तक इस प्रकरण में कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जांच के दौरान अवैध कारतूस सप्लाई करने वाले शक्तिसिंह पुत्र मोहनसिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी छोटी खाटू, थाना खुनखुना, जिला डीडवाना-कुचामन की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य आरोपियों के संबंध में अनुसंधान जारी है।
फैक्ट्री से 389.15 ग्राम एमडी और अन्य सामग्री मिली थी
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को की गई कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 389.15 ग्राम अवैध एमडी, एक पिस्टल के साथ जिंदा कारतूस, तीन खाली खोल, एमडी बिक्री की राशि 1,80,500 रुपये, केमिकल बोतलें तथा एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई थी। साथ ही प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल, केमिकल और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए थे।
इस संबंध में थाना कोतवाली नागौर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
पोक्सो मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार
पादूकलां थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में पोक्सो एक्ट के प्रकरण में नामजद आरोपी कालू उर्फ गोविन्द को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को डोडियाना गांव से दस्तयाब किया।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को दर्ज मामले में परिवादी ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसकी नाबालिग पुत्री को डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। रिपोर्ट के आधार पर पादूकलां थाने में भारतीय न्याय संहिता एवं पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कालू उर्फ गोविन्द पुत्र मांगू, जाति गुर्जर, निवासी डोडियाना को 2 सितंबर को डोडियाना कस्बे से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार और अन्य अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।