डेगाना : तेजाजी के चबूतरे में तोड़फोड़, बोलेरो सवारों पर सीसीटीवी कैमरा लूटने का आरोप
![]() |
शौकत खान | Fri, 01-May-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। निकटवर्ती ग्राम रलियावता में तेजाजी महाराज के चबूतरे में तोड़फोड़ और सीसीटीवी कैमरा छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना को लेकर 67 वर्षीय भूराराम गोदारा की रिपोर्ट पर पादूकलां थाना पुलिस ने पूनाराम, नरूराम और शिम्भुराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बोलेरो व बाइक से पहुंचे आरोपी, दी धमकियां
रिपोर्ट के अनुसार 30 अप्रैल शाम करीब 5 बजे पूनाराम मोटरसाइकिल से जबकि नरूराम और शिम्भुराम बोलेरो में सवार होकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पूनाराम ने बोलेरो से कुचलने की धमकी दी, जबकि अन्य आरोपियों ने घर जलाने की बात कहकर डराने का प्रयास किया।
चबूतरे में तोड़फोड़, गुमटी भी की ध्वस्त
भूराराम गोदारा ने बताया कि खसरा नंबर 248 में स्थित तेजाजी के चबूतरे के आसपास ग्रामीणों द्वारा 165 पेड़ लगाए गए हैं। आरोपियों ने चबूतरे पर चढ़कर किनारों पर लगे पत्थरों (कातले) को उखाड़कर तोड़ दिया। साथ ही पूनाराम ने पत्थर मारकर वहां बनी गुमटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मना करने के बावजूद आरोपी नहीं रुके और तोड़फोड़ करते रहे।
सीसीटीवी कैमरा लूटकर फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद लौटते समय शिम्भुराम खाट पर रखा सीसीटीवी कैमरा सोलर प्लेट सहित उठाकर बोलेरो में ले गया। भूराराम ने यह भी आरोप लगाया कि एक दिन पहले 29 अप्रैल को अतिक्रमण हटाने के दौरान भी पूनाराम ने लोगों को कुचलने का प्रयास किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 298, 352, 3(5), 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक श्रवणराम ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।