कुचामन : राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ हटाने पर आक्रोश, जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 01-May-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। नगर परिषद क्षेत्र में पुराने बस स्टैंड के पास स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ को हटाए जाने पर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह स्तंभ देश की आजादी से पूर्व क्षेत्र के पूर्वजों द्वारा स्थापित किया गया था, जो वर्षों से राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बना हुआ था।
आजादी आंदोलन से जुड़ा रहा है ऐतिहासिक स्तंभ
जानकारी के अनुसार यह लगभग 40–45 फीट ऊंचा लोहे का स्तंभ स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्थापित किया गया था। इस स्थान पर स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा अंग्रेजों के विरोध में और आजादी के समर्थन में कई बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता के बाद भी यह परंपरा जारी रही और हर वर्ष 15 अगस्त व 26 जनवरी को यहां जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण किया जाता रहा है।
नप्रतिनिधियों की मांग—स्तंभ को उसी स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए
पूर्व नगर परिषद उपसभापति हेमराम चावला ने बताया कि यह स्तंभ केवल एक संरचना नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन, उपखंड अधिकारी एवं स्थानीय विधायक और मंत्री से आग्रह किया है कि इस ऐतिहासिक ध्वज स्तंभ को उसी स्थान पर पुनः स्थापित कर इसे सुरक्षित रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इस गौरवशाली इतिहास की जानकारी मिल सके।
विरासत संरक्षण की उठी मांग, लोगों में नाराजगी बरकरार
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर इस ऐतिहासिक धरोहर को हटाना उचित नहीं है। यह स्तंभ क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों और जनप्रतिनिधियों की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस स्तंभ को पुनः स्थापित कर इसकी गरिमा बनाए रखी जाए। साथ ही इस तरह की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।