डेगाना : साधारण सभा की बैठक में छाए बिजली-पानी के मुद्दे, जनप्रतिनिधियों ने उठाई समस्याएं
![]() |
शौकत खान | Fri, 01-May-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रशासक, सरपंच एवं पूर्व जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने खास तौर पर पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
जल संकट पर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद अधिकांश गांवों में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद ग्रामीणों के घरों तक नलों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
नुंद ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से गांव में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाया है। वहीं इडवा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नहरी पानी योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बावजूद आबादी क्षेत्र को नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे लोगों को पानी नहीं मिल रहा है।
बिजली, सड़क व अन्य समस्याएं भी उठीं
बैठक में केवल पेयजल ही नहीं, बल्कि बिजली, सड़क, कृषि, पशुपालन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। निम्बोला सरपंच ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने के बावजूद विभागीय कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन
बैठक में एसडीएम मोहन चौधरी, तहसीलदार सतीश कुमार राव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान शिव प्रताप सिंह (इडवा), रामनिवास खटकड़ (तिलानेस), पुरखाराम मेघवाल (तामड़ोली), हनुमानराम (सिरसना), शिवजीराम कसवा (पालियास), किसन सिंह भूकर (खेरवा), शिवलाल डिया, महेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।