कुचामन : विश्व मजदूर दिवस पर कचरा बीनने वालों का सम्मान, ‘पर्यावरण योद्धा’ बताया
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 01-May-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर ‘बरगद संरक्षण फाउंडेशन’ एवं ‘लायंस क्लब कुचामन फोर्ट’ द्वारा समाज के उन गुमनाम श्रमिकों का सम्मान किया गया, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। कचरा बीनने वाले श्रमिकों को “पर्यावरण योद्धा” बताते हुए उनके योगदान को सराहा गया।
जोखिम भरे कार्य के बावजूद अहम योगदान
कार्यक्रम में बताया गया कि कचरा बीनने वाले अत्यधिक गर्मी, संक्रमण के खतरे और डंपयार्ड की दुर्गंध जैसी कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। दिनभर की मेहनत के बावजूद उन्हें मात्र 300 से 500 रुपये ही मिल पाते हैं, जो उनकी आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।
इसके बावजूद वे अनौपचारिक रूप से रीसाइक्लिंग व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो प्लास्टिक, कांच और गत्ते जैसे कचरे को पुनः उपयोगी संसाधनों में बदलते हैं।
कचरा प्रबंधन और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
विशेषज्ञों ने कहा कि यदि शहरवासी घरों से ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दें, तो इन श्रमिकों की मेहनत कम होगी और रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया और प्रभावी बनेगी।
फाउंडेशन के सदस्य डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि बढ़ते शहरीकरण और क्लाइमेट चेंज के प्रभाव को कम करने के लिए पौधारोपण और कचरा प्रबंधन बेहद आवश्यक है। उन्होंने कचरा बीनने वालों को संक्रमण से बचाव के उपाय बताते हुए मास्क और ग्लव्स भी वितरित किए।
पर्यावरण संरक्षण के लिए उठाए कदम
फाउंडेशन के निदेशक नेता राम ने बताया कि कुचामन क्षेत्र में पौधारोपण के माध्यम से हीट आइलैंड प्रभाव को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पर्यावरण प्रेमी एवं जीएसटी इंस्पेक्टर राजेश कुमावत ने कचरा बीनने वालों को “पर्यावरण योद्धा” बताते हुए उनके कार्य को सम्मानजनक बताया। कार्यक्रम के दौरान रिंग रोड स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में पक्षियों के लिए मिट्टी के परिंडे भी लगाए गए। इस अवसर पर लायंस क्लब कुचामन फोर्ट की अध्यक्ष रेखा काबरा, संस्थापक अध्यक्ष राम काबरा, पर्यावरण मित्र तुलसीराम, रुपाराम कुमावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।