कछुआ रफ्तार में चल रहा रेलवे अंडरपास का निर्माण, शहरवासियों को दोनों साईड आवागमन में भारी परेशानी
![]() |
अबू बकर बल्खी | Mon, 09-Feb-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज) : रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य पिछले चार महीने से कछुआ चाल से चल रहा है। जिसका स्थानीय नागरिकों ने रेलवे स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज करवाया है। रेलवे प्रबंधक जोधपुर के नाम भेजे गए ज्ञापन में बताया गया कि अंडरपास निर्माण कार्य प्रारंभ हुए लगभग चार माह बीत चुके हैं।
मगर यहां ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य धीमी गति से किया जा रहा है इससे अंडरपास के दोनों साईड बसी हुई बड़ी आबादी का आवागमन बाधित हो गया है। पार्षद संदीप प्रजापत ने बताया कि रेलवे फाटक के एक और पुलिस थाना, तहसील कार्यालय, पंचायत समिति, पीडब्ल्यूडी कार्यालय तथा उपखंड कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय बने हुए है.
यह मार्ग अंडरपास निर्माण के कारण चार महीनों से अवरुद्ध पड़ा है। कार्य में शिथिलता के चलते आपातकालीन समय मे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पार्षद तौफीक गौरी ने बताया कि वर्तमान में जैन समाज के पूज्य गुरुदेव महाश्रमण का लाडनू में प्रवास चल रहा है, जिससे नगर में बाहरी श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ गया है।
ऐसे समय में अंडरपास निर्माण कार्य को तेज गति से करवाकर आमजन के लिए मार्ग खोलने की मांग की गई है। इस अवसर पर हाफिज मोहम्मद जावेद, हुसैन खान, इकबाल काजी, श्रवण नागपुरिया, जावेद बल्खी, तौफीक, अमन भुट्टा, आरिफ सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और नागरिक मौजूद रहे।