ब्लॉक स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता छात्राओं का किया सम्मानित
![]() |
अबू बकर बल्खी | Sun, 01-Feb-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत राजकीय जौहरी उच्च माध्यमिक विद्यालय नोडल स्कूल में ब्लॉक स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कर आमजन को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। प्राचार्य मनीष सिंघाटीया ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के आदेशों की अनुपालना में नोडल विद्यालय जौहरी स्कूल में उपखंड स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में लाडनूं उपखंड के कक्षा 9 से 12 के 37 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता के द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता विकसित करने का संदेश देने वाली सेठ सूरजमल भूतोड़िया राबाउमावि की छात्रा लक्ष्मी शर्मा को प्रथम पुरस्कार, राउमावि मंगलपुरा की छात्रा प्रियंका सैनी को द्वितीय पुरस्कार एवं सेठ सूरजमल भूतोड़िया राबाउमावि की छात्रा माया भोजक को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीबीईओ प्रहलाद निराणियां एवं विशिष्ट अतिथि कल्याण सिंह राठौड़ एसीबीईओ लाडनूं ने इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के बारे में विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की और सड़क पर चलने के नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
संस्था प्रधान युसीईईओ मनीष सिंघाटीया ने जिला स्तर पर लाडनूं का प्रतिनिधित्व करने वाली तीनों विजेताओं छात्राओं को शुभ कामनायें देते हुए अल्प समय में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा समस्त विद्यालय परिवार का तहेदिल से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।