बेमौसम की बारिश होने से डेगाना क्षेत्र में चारों ओर भरा पानी
![]() |
शौकत खान | Tue, 07-Apr-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। मंगलवार को सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट बदली है। सोमवार देर रात शुरू हुई तेज बारिश मंगलवार सुबह 11 बजे तक जारी रही। आसपास के क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। सुबह जल्दी बारिश शुरू होने के बाद में बाजार में दोपहर में ही रौनक दिखाई दी सुबह जल्दी दुकान बंद रही।
इस समय अधिकांश फसलें पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी हैं। इस बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से इसबगोल, गेहूं, चना और सरसों की फसलों को भारी नुकसान का खतरा है। ओलावृष्टि से फसलों के झुकने, दाने झड़ने और उनकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।
डेगाना में पानी की निकासी नहीं होने के कारण चारों ओर तथा ब्रिज निर्माण के कारण कायमखानी नगर के लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है साथ ही विधायक जनसेवा केंद्र के सामने ही पानी भरा हुआ है लोगों को निकलना मुश्किल हो रहा है। इधर बारिश का पानी डेगाना उपजिला अस्पताल परिसर में भर गया।
पानी भरने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच केंद्र के सामने पानी जमा होने से मरीजों को लैब तक पहुंचने में कठिनाई हुई। अस्पताल में बिजली सप्लाई भी बाधित हुई। डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को मोबाइल की रोशनी के सहारे काम करना पड़ा। मंगलवार को शाम जोरदार दोबारा बारिश शुरू हुई है।