निकाय चुनाव से पहले नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 अवैध पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस बरामद
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 28-Aug-2026 |
|---|
बड़ी खाटू(नागौर डेली न्यूज)। आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए नागौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत खाटूबड़ी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध हथियारों के सप्लायर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 अवैध पिस्टल, मैगजीन सहित 24 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ खाटूबड़ी थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/5/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान पुलिस थाना रोल के थानाधिकारी मुकेश कुमार को सौंपा गया है।
DST की सूचना पर सप्लायर को दबोचा
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को डीएसटी टीम के कांस्टेबल नरसीराम एवं रामस्वरूप से प्राप्त फील्ड आसूचना के आधार पर अवैध हथियारों के सप्लायर ओमप्रकाश पुत्र रामनिवास देहड़ू, निवासी ढेहरी, को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद खाटूबड़ी थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश देते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन खरीदार भी गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई में सुरेश राठौड़, निवासी ढेहरी, के कब्जे से एक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस, श्रवणराम, निवासी ढेहरी, के कब्जे से एक पिस्टल तथा ओमप्रकाश पुत्र बलदेवराम, निवासी ढेहरी, के कब्जे से एक पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 6 अवैध पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस जब्त किए।
चारों आरोपियों की भूमिका सामने आई
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश देहड़ू (38), सुरेश राठौड़ (32), श्रवणराम (36) और ओमप्रकाश पुत्र बलदेवराम (34) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश देहड़ू अवैध हथियारों का सप्लायर बताया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों के बारे में हथियार खरीदने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई एएसपीपी जतिन जैन (IPS), वृत्ताधिकारी संजीव चौहान तथा खाटूबड़ी थानाधिकारी हरीश सांखला के निकटतम सुपरविजन में की गई। इसमें खाटूबड़ी थाना पुलिस और डीएसटी नागौर की टीम शामिल रही। डीएसटी के कांस्टेबल नरसीराम और रामस्वरूप की फील्ड आसूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देश पर निकाय चुनावों के मद्देनजर अवैध हथियारों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।