कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। नगर परिषद कुचामन सिटी के नवनिर्वाचित सभापति महेश रामचंद्रका के मुख्य आतिथ्य में रविवार को शहर में विकास और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजकीय खेल स्टेडियम के सामने अर्बन सर्कुलर फॉरेस्ट में डिफेंस प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए बरगद संरक्षण फाउंडेशन के सौजन्य से पेयजल टंकी का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही रिंग रोड स्थित डंपिंग यार्ड में पौधारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।
आयोजित कार्यक्रम के तहत सर्वप्रथम रिंग रोड स्थित डंपिंग यार्ड में सभापति , उपसभापति बाबूलाल कुमावत और पार्षद हेमराज पारीक सहित उपस्थित अतिथियों ने पौधारोपण किया। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन पर सीमेंट के मजबूत ट्री-गार्ड्स और लोहे की जाली भी लगाए गए, ताकि पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष बन सकें।
डिफेंस के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को मिली पेयजल की सौगात :
इसके पश्चात राजकीय खेल स्टेडियम के सामने बरगद संरक्षण फाउंडेशन द्वारा तैयार की गई पेयजल टंकी का सभापति ने विधिवत शुभारंभ किया। यह टंकी खेल स्टेडियम के आसपास और अर्बन सर्कुलर फॉरेस्ट क्षेत्र में डिफेंस सेना भर्ती एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।
खिलाड़ियों की मांग पर स्टेडियम की सफाई का आश्वासन :
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों और स्थानीय आमजन ने ज्ञापन सौंपकर सभापति श्री रामचंद्रका को राजकीय खेल स्टेडियम में उगी कंटीली झाड़ियों और गंदगी की समस्या से अवगत कराया। खिलाड़ियों ने स्टेडियम की सफाई कराने का विशेष अनुरोध किया, जिसे सभापति ने सहर्ष स्वीकार करते हुए अगले 1 से 2 दिनों के भीतर खेल मैदान से कंटीली झाड़ियों को हटवाकर संपूर्ण सफाई करवाने का दृढ़ भरोसा दिलाया।
खेल प्रेमियों ने साथ ही आगामी खेलो राजस्थान के एथलेटिक्स खेलों के आयोजन नए स्टेडियम में करवाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप चौधरी, खेल प्रेमी डॉ. राजेश चौधरी, दशरथ सिंह खारिया, पर्यावरण प्रेमी राजेश कुमावत, लायंस क्लब कुचामन फोर्ट के संस्थापक अध्यक्ष राम काबरा,सीए मुकेश डालुका, बरगद संरक्षण फाउंडेशन के निदेशक नेताराम कुमावत, मनोज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।