डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत मेहराणा में हाल ही में संपन्न हुए पंचायतराज चुनावों के परिणाम घोषित हो गए हैं। नवसृजित इस ग्राम पंचायत में हुए रोमांचक मुकाबले में नरेश दायमा को गांव का नया सरपंच चुना गया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कैलाश टेलर को 95 मतों के अंतर से शिकस्त दी है। नरेश दायमा को कुल वोट 645 वोट मिले वही कैलाश टेलर को 550 मत मिले।
खास बात यह है कि चुनाव मैदान में उतरे दोनों प्रत्याशियों के परिवार पंचायतराज विभाग से जुड़े हैं। नवनिर्वाचित सरपंच नरेश दायमा के भाई महेश दायमा ग्राम विकास अधिकारी हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कैलाश टेलर की पत्नी मीनाक्षी टेलर पंचायतराज विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। चुनाव परिणामों के बाद समर्थकों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।
गांव में एक भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें पूर्व सरपंच हरिराम दाधीच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित सरपंच का साफा पहनाकर और मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। नवनिर्वाचित सरपंच नरेश दायमा ने अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि गाँव का चहुंमुखी विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर गांव में विकास कार्यों को गति देंगे और क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करेंगे।