सृजन सरिता समूह के घनश्याम सिंह किनिया को मिला राजकुमार गुप्ता स्मृति छंद रत्न सम्मान 2026
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sun, 09-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : उदयपुर के त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान, उदयपुर की ओर से आयोजित सम्मान समारोह एवं पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में साहित्यकार एवं छंद साधक घनश्याम सिंह किनिया को साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘श्री राजकुमार गुप्ता स्मृति छंद रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
समारोह में साहित्य, कला एवं संस्कृति से जुड़े अनेक साहित्यकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। संस्थान के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने घनश्याम सिंह किनिया को सम्मान-पत्र, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें साहित्य एवं विशेष रूप से छंद-सृजन के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे रचनात्मक कार्यों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
घनश्याम सिंह किनिया लंबे समय से हिंदी एवं राजस्थानी साहित्य में सक्रिय हैं और छंद विधा में निरंतर सृजन कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न पारंपरिक छंदों के साथ-साथ गीत, ग़ज़ल एवं राजस्थानी काव्य के माध्यम से साहित्य-सृजन को समृद्ध किया है। उनकी रचनाओं में भारतीय संस्कृति, लोकजीवन, सामाजिक सरोकार, भक्ति एवं मानवीय संवेदनाओं की विविध अभिव्यक्तियां देखने को मिलती हैं।
सम्मान प्राप्त करने पर किनिया ने त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्यकार के लिए सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि साहित्य-साधना को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा है। समारोह में उपस्थित साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों के साथ ही सृजन सरिता मंच के संयोजक डाॅ.दिलीप कुमार पारिक व समस्त समूह ने घनश्याम सिंह किनिया को सम्मान मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।