मकराना में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गीतों से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
![]() |
शौकत खान | Thu, 03-Sep-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। आगामी चुनावों के मद्देनजर मकराना में स्वीप योजना के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मकराना, राजकीय बालिका विद्यालय मकराना, अंजुमन मदरसा और दिल्ली एकेडमी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रेरक व सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए मतदाताओं को जागरूक किया गया।
स्वीप टीम के मुरली मनोहर ने चलो करें मतदान हम गीत व सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से विशेष रूप से महिला मतदाताओं (मातृशक्ति) को लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा गीत, रंगोली और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान अधिकार व चुनावी जिम्मेदारी का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
राजकीय बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मीरा राठौड़ ने उपस्थित बालिकाओं व 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नव मतदाताओं से उत्साहपूर्वक आगे आकर शत-प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया। चुनाव शाखा प्रभारी बंजारा ने लोकतंत्र को मजबूत करने और देश के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक मत की उपयोगिता पर बल दिया।
साथ ही अवगत कराया गया कि कोई भी दिव्यांग मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केंद्रों पर रैंप और व्हीलचेयर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।