नाबालिग बालिका के अपहरण का 72 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
![]() |
अबू बकर बल्खी | Sun, 09-Aug-2026 |
|---|
जसवंतगढ़(नागौर डेली न्यूज)। नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में डीडवाना-कुचामन जिले की जसवंतगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे में बालिका को दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने मामले में अपहरण के आरोपी रतनलाल बावरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस घटना में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी अनुसंधान कर रही है।
रिश्तेदार के घर आई थी नाबालिग, सुबह घर में घुसकर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को परिवादी ने जसवंतगढ़ थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी रिश्तेदार के घर आई हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक सुबह करीब 9:30 बजे आरोपी रतनलाल बावरी, निवासी मोमासर, कथित रूप से घर में घुसा और नाबालिग को अपने साथ ले गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना जसवंतगढ़ में प्रकरण संख्या 74/2026, दिनांक 6 अगस्त 2026 को धारा 137(2), 96, 127(2), 189(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, तकनीकी साक्ष्यों से श्रीगंगानगर तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज में नाबालिग को एक इरटिगा वाहन में ले जाते हुए दिखाई देने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए फील्ड इंटेलिजेंस की मदद ली और नाबालिग बालिका को श्रीगंगानगर जिले के मोमासर थाना क्षेत्र से 72 घंटे के भीतर दस्तयाब कर लिया। इसके बाद आरोपी रतनलाल को पूछताछ के पश्चात गिरफ्तार किया गया।
आरोपी पुलिस रिमांड पर, अन्य पहलुओं की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी रतनलाल पुत्र हड़मानराम, उम्र 22 वर्ष, जाति बावरी, निवासी टंकी बास, मोमासर, थाना श्रीडूंगरगढ़, जिला बीकानेर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब घटना में प्रयुक्त वाहन तथा वारदात में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में पूछताछ एवं जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा (RPS) एवं वृत्ताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह के निकटतम सुपरविजन तथा जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में फरमान खां, कांस्टेबल प्रदीप 871 एवं कांस्टेबल सुरेन्द्र 654 का विशेष योगदान रहा।