फर्जी फसल बीमा क्लेम मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार
| मोहम्मद शहजाद | Sun, 23-Aug-2026 |
|---|
नागौर(नागौर डेली न्यूज)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फर्जी तरीके से फसल बीमा करवाकर क्लेम राशि हड़पने के मामले में नागौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना पांचौड़ी की टीम ने जिला पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए बीमा कंपनी की मुख्य श्रृंखला से जुड़े आदित्य पाटोदिया, अक्षय कुमार और विनीत कुमार दुबे को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
किसानों के खेतों की जानकारी जुटाकर करवाते थे फर्जी बीमा
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा गांवों में किसानों के खेतों के खसरा नंबर और अन्य जानकारी जुटाकर फर्जी तरीके से फसल बीमा करवाया जाता था। इसके बाद फर्जी नाम-पते तथा बैंक खातों का उपयोग कर बीमा क्लेम की राशि उठाने का आरोप है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 13 अगस्त 2026 को दुजासर निवासी राजेश ने थाना पांचौड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार उसकी पत्नी सुमित्रा के नाम दर्ज खेतों के खसरों पर बिना जानकारी के क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से फसल बीमा कराया गया था।
जांच में सामने आया कि संबंधित खेतों का फसल बीमा 4,70,168 रुपये की राशि का कराया गया और कथित रूप से फर्जी तरीके से इसका भुगतान उठा लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में थाना पांचौड़ी में प्रकरण संख्या 115/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
फर्जी दस्तावेज और सील बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज, मूल निवास प्रमाण पत्र, स्टांप, फसल बीमा फॉर्म तथा कृषि पर्यवेक्षक के नाम की फर्जी रबर स्टांप सील बरामद की थी। मामले में घटना में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी फसल बीमा क्लेम का नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसानों के खेतों का बीमा कराने और उसके बाद क्लेम की राशि हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाती थी।
बीमा कंपनी की मुख्य श्रृंखला के तीन आरोपी गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान बीमा कंपनी के क्लस्टर कोऑर्डिनेटर, जिला कोऑर्डिनेटर और तहसील कोऑर्डिनेटर की मुख्य श्रृंखला से जुड़े तीन आरोपियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आदित्य पाटोदिया पुत्र विमल कुमार, उम्र 35 वर्ष, निवासी मेड़ता सिटी; अक्षय कुमार पुत्र इंद्रराज, उम्र 29 वर्ष, निवासी मेड़ता सिटी; तथा विनीत कुमार दुबे पुत्र ओमप्रकाश दुबे, उम्र 28 वर्ष, निवासी पश्चिम बंगाल, हाल निवासी डीडवाना को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2), 61(2) और 111(1) के तहत अपराध प्रमाणित पाए जाने पर गिरफ्तारी की गई है।
अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
फर्जी फसल बीमा क्लेम से जुड़े मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों रविंद्र बाजिया और सियाराम के कब्जे से भी फर्जी दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई थी।
पुलिस के अनुसार फर्जी फसल बीमा क्लेम से संबंधित पांच मामले थाना पांचौड़ी, जबकि जायल, मेड़ता रोड, श्रीबालाजी और रोल थानों में एक-एक मामला दर्ज है। इन मामलों में गिरफ्तार आरोपियों एवं उनके अन्य सहयोगियों से पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
पांचौड़ी थाना, डीएसटी और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
कार्रवाई वृत्ताधिकारी नागौर जतिन जैन (आईपीएस) के निकटतम सुपरविजन में थाना पांचौड़ी पुलिस, जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी ऊर्जाराम उप निरीक्षक सहित थाना पांचौड़ी के पुलिसकर्मी और साइबर सेल नागौर की टीम शामिल रही।
पुलिस का कहना है कि फर्जी फसल बीमा क्लेम से जुड़े नेटवर्क और अन्य मामलों में आरोपियों एवं उनके सहयोगियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच जारी है।