विज्ञापन

फ्री मोबाइल का झांसा देकर बुजुर्ग महिलाओं को बनाती थी शिकार, शातिर महिला चोर गिरफ्तार

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Wed, 05-Aug-2026

परबतसर(नागौर डेली न्यूज) डीडवाना-कुचामन पुलिस ने निःशुल्क मोबाइल दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग महिलाओं से सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को कोटा शहर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी और चोरी के 20 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

 

विज्ञापन

पेंशन सत्यापन के दौरान बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा एवं वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में परबतसर थाना प्रभारी विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को खानपुर निवासी जशोदा देवी ने परबतसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जून 2026 को पेंशन सत्यापन के लिए परबतसर आने के दौरान एक अज्ञात महिला ने सरकारी योजना के तहत निःशुल्क मोबाइल दिलाने का झांसा दिया। आरोपी महिला उसे अपने साथ विभिन्न स्थानों पर घुमाती रही और विश्वास में लेकर उसके सोने के दो टॉप्स, सोने का मादलिया, ₹1,300 नकद, मोबाइल चार्जर, बिजली का बिल, फोटो एवं अन्य सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विज्ञापन

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रूख्साना पत्नी मोहम्मद जाकिर (51) निवासी कोट के ऊपर, लाडपुरा, थाना कोतवाली नयापुरा, जिला कोटा को दस्तयाब कर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी महिला ने वृद्ध महिला को निःशुल्क मोबाइल दिलाने का झांसा देकर उसके सोने के आभूषण, नकदी एवं अन्य सामान चोरी कर फरार होने की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब चोरी गए माल की बरामदगी तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

राजस्थान के कई जिलों में दर्ज हैं 20 मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रूख्साना एक शातिर आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ टोंक, बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, झालावाड़, भीलवाड़ा और अजमेर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी, चोरी और ठगी के कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने आमजन, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि सरकारी योजनाओं, निःशुल्क मोबाइल, पेंशन सत्यापन अथवा अन्य सरकारी लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस प्रकार का प्रलोभन देता है तो उसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News